उत्तम मुंबई’ विज़न प्रस्तुत: स्वच्छ, हरित और कनेक्टेड शहरी भविष्य का आह्वान – पीयूष गोयल
मुंबई में सम्मानजनक आवास के लिए ₹50,000 करोड़ की पुनर्विकास परियोजनाओं को रेखांकित किया – पीयूष गोयल
मुंबई | जनवरी 2026 : उत्तर मुंबई के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज नागरिकों से बीएमसी चुनाव में अधिकतम भागीदारी की अपील करते हुए ट्रिपल-इंजन महायुति सरकार के लिए मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में अभूतपूर्व स्तर पर आधारभूत ढांचे का विकास और जनकल्याणकारी कार्य हुए हैं।
उन्होंने अटल सेतु के पूर्ण होने, मुंबई मेट्रो के तेज़ विस्तार, टिकाऊ कंक्रीट सड़कों, बेहतर जलनिकासी व्यवस्था और आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्य निष्पादन और जवाबदेही पर आधारित शासन के उदाहरण हैं।
समावेशी आवास और झुग्गी पुनर्विकास
सम्मानजनक आवास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग मजबूरीवश वहां रहते हैं, यह उनकी पसंद नहीं है। उन्होंने बिल्डर-आधारित पुनर्विकास के साथ-साथ स्वयं-पुनर्विकास को भी समर्थन देने की बात कही, जिससे निवासियों को बड़े घर, बेहतर आर्थिक सुरक्षा और दीर्घकालिक रखरखाव की सुविधा मिल सके।
झुग्गी पुनर्वास के लिए ₹30,000 करोड़ की एसआरए पुनर्विकास परियोजनाएं
झुग्गियों में रहने वाले नागरिकों की आवास आवश्यकताओं को संबोधित करने वाली पहलों पर प्रकाश डालते हुए पीयूष गोयल ने बताया कि एसआरए योजनाओं के तहत ₹50,000 करोड़ की पुनर्विकास परियोजनाएं वर्तमान में चल रही हैं। मालवणी जैसे क्षेत्रों में क्लस्टर पुनर्विकास की योजना बनाई गई है, जिससे समानता, बेहतर आवास और बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर सुनिश्चित होंगे।
नागरिक-केंद्रित सहभागिता
सहभागी शहरी प्रशासन को आकार देने की अपनी नागरिक-केंद्रित पहल के तहत पीयूष गोयल ने आज मालाड पश्चिम स्थित आदर्श कॉम्प्लेक्स, आदर्श डेयरी लेन में आयोजित व्यवसायियों, हाउसिंग सोसाइटी के अध्यक्षों व सचिवों तथा स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। यह कार्यक्रम बीएमसी चुनाव उम्मीदवार योगेश वर्मा (वार्ड 35) के समर्थन में आयोजित किया गया था और इसका उद्देश्य क्षेत्र को “उत्तम मुंबई” एक स्वच्छ, हरित, बेहतर कनेक्टिविटी और समावेशी मुंबई में बदलने के लिए साझा रोडमैप तैयार करना था।
पीयूष गोयल ने योगेश वर्मा की सराहना करते हुए उन्हें तीन दशकों से अधिक समय से संगठनात्मक कार्य में जुटा एक प्रतिबद्ध और जमीनी स्तर का नेता बताया। उन्होंने कहा कि जब नेता जिम्मेदारी और ईमानदारी से काम करते हैं, तो विकास केवल एक वार्ड तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे शहर को लाभ पहुंचाता है।
स्वच्छ मुंबई और हरित मुंबई: प्रदर्शन के मानक
नगरसेवकों की भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए गोयल ने स्वच्छ मुंबई और हरित मुंबई इन दो स्पष्ट और मापनीय मानकों के आधार पर निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा शुरू करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि विकास कार्य तभी सफल होते हैं जब जिम्मेदारी, जनसहयोग और दीर्घकालिक रखरखाव साथ-साथ चलते हैं।
खेल के मैदानों को गैर-खेल आयोजनों से होने वाले नुकसान का उल्लेख करते हुए गोयल ने स्पष्ट नीति दिशा की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि खेल के मैदान केवल खेल गतिविधियों के लिए आरक्षित रहेंगे, जबकि सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए अलग निर्धारित स्थलों पर आयोजन होंगे, जिनकी अनुमति बीएमसी और पुलिस प्रशासन के समन्वय से दी जाएगी।
स्वच्छ निर्माण, कम प्रदूषण
निर्माण कार्यों से होने वाले प्रदूषण को एक गंभीर नागरिक समस्या बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने प्रीकास्ट और स्टील निर्माण पद्धतियों को अपनाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि ये पद्धतियां स्वच्छ, तेज़ और वैश्विक स्तर पर स्वीकार्य हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पर्यावरण-अनुकूल निर्माण अपनाने वाले बिल्डरों को प्रोत्साहन और शुल्क में रियायत देने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आवासीय क्षेत्रों में आरसी मिक्सर संचालित नहीं होने चाहिए और जहां संभव हो, उन्हें शहर की सीमा के बाहर स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
नागरिक सहभागिता से सतत हरियाली
हरियाली के महत्व पर जोर देते हुए गोयल ने कहा कि बिना रखरखाव के हरियाली का कोई मूल्य नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “एक पेड़ मां के नाम” पहल को जिम्मेदार वृक्षारोपण का आदर्श मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल के बच्चों और हाउसिंग सोसाइटियों को शामिल करने से स्वामित्व की भावना पैदा होती है और दीर्घकालिक पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ती है।
उन्होंने कहा, “कम पेड़ लगाइए, लेकिन हर एक पेड़ की रक्षा कीजिए,” और जोड़ा कि नागरिक सहभागिता से उत्तम मुंबई में सतत हरियाली संभव है।
“दशकों तक बिना उपचार के सीवेज का पानी समुद्र में जाता रहा। आज केवल उपचारित पानी ही समुद्र में छोड़ा जाएगा, जिससे मुंबई को एक स्वच्छ तटरेखा मिलेगी,” उन्होंने कहा।
पीयूष गोयल ने कोस्टल रोड परियोजना, प्रस्तावित सुरंगों, फ्रीवे कनेक्टिविटी और चालू हो चुके नए हवाई अड्डे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब परियोजनाएं उसी कार्यकाल में पूरी हो रही हैं, जिसमें उनकी शुरुआत होती है।
“आज मुंबई के एक सिरे से दूसरे सिरे तक एक घंटे से भी कम समय में पहुंचा जा सकता है। यही वह परिवर्तन है जिसे मुंबई आज देख रही है,” उन्होंने कहा।
हर नागरिक के लिए कौशल्य विकास और रोजगार
रोजगार पहलों पर प्रकाश डालते हुए गोयल ने बताया कि क्षेत्र में स्थापित कौशल्य विकास केंद्रों के माध्यम से अब तक 35,850 से अधिक लोगों को रोजगार मिल चुका है। साइबर सुरक्षा, हॉस्पिटैलिटी, मैकेनिकल स्किल्स, वित्तीय सेवाओं और उद्योग साझेदारियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
ठाकुर विलेज में दूसरा कौशल केंद्र क्रियान्वयन एजेंसी को सौंप दिया गया है, जबकि शिंपोली, बोरीवली में तीसरा केंद्र जल्द ही इनक्यूबेशन और स्टार्टअप हब के रूप में कार्य करेगा। मालाड, कांदिवली और दहिसर में अतिरिक्त केंद्रों की भी योजना है, ताकि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक रोजगार केंद्र उपलब्ध हो।
“हमारा लक्ष्य स्पष्ट है, मुंबई में एक भी व्यक्ति बेरोजगार नहीं रहना चाहिए,” गोयल ने कहा।
ट्रिपल-इंजन सरकार की ओर
अपने संबोधन के अंत में पीयूष गोयल ने ट्रिपल-इंजन सरकार के गठन के लिए जनता से समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि कई लंबे समय से लंबित नागरिक, पर्यावरणीय और पुनर्विकास से जुड़े मुद्दों का समाधान हो चुका है और शेष समस्याओं पर भी तेजी से काम जारी है।
“हमारा विज़न उत्तम मुंबई को मुंबई, महाराष्ट्र और देश का सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र बनाने का है,” उन्होंने कहा।