संसद के बजट सत्र 2026 से पहले केंद्र सरकार ने आज संसद भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। सर्वदलीय बैठक मे राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और डॉ. एल मुरुगन इस अवसर पर उपस्थित थे। कांग्रेस नेता जयराम रमेश, द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम के नेता तिरुचि शिव, तृणमूल कांग्रेस की नेता सागरिका घोष, समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव सहित अन्य लोग भी बैठक में शामिल हुए। संसद का बजट सत्र कल से शुरू होगा और एक अवकाश के साथ 2 अप्रैल तक चलेगा।

सर्वदलीय बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि बजट सत्र 2026 के पहले भाग में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा होगी और उसे पारित किया जाएगा। बाद में दोनों सदनों में बजट पर चर्चा होगी। रिजिजू ने सभी दलों से सत्र को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करने का अनुरोध किया।
28 से शुरू होगा बजट सत्र
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर दो अप्रैल तक चलेगा। केंद्रीय बजट एक फरवरी (रविवार) को पेश किया जाएगा। बजट सत्र का पहला चरण बुधवार को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू होगा।