राउत के ‘नामर्द’ बयान पर बवाल, मतदाताओं ने नकारा, इसलिए संजय राउत और उबाठा गुट नामर्द बन गया: नवनाथ बन
मुंबई। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता Sanjay Raut के हालिया बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता Navnath Bane ने मंगलवार को कहा कि 140 करोड़ भारतीय न तो कमजोर हैं और न ही नामर्द। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi जैसे मजबूत नेतृत्व के कारण देश की जनता पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और उसे किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
नवनाथ बन ने कहा कि विधानसभा, महापालिका और जिला परिषद चुनावों में हार के बाद मतदाताओं ने उद्धव ठाकरे गुट और संजय राउत को नकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का विश्वास खोने के बाद राउत अब बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं।
अमेरिका में Donald Trump के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों का उदाहरण देते हुए राउत द्वारा भारत की जनता पर टिप्पणी किए जाने पर भी बन ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की जनता को कमजोर नहीं बल्कि सशक्त और आत्मविश्वासी बनाया है।
भोंदू बाबा मामले पर भी घेरा
भोंदू बाबा अशोक खरात मामले में राउत के ‘हमाम में सब नंगे’ वाले बयान का जवाब देते हुए बन ने कहा कि उस आश्रम को बढ़ावा देने और पानी उपलब्ध कराने का काम महाविकास आघाड़ी सरकार और तत्कालीन मुख्यमंत्री Uddhav Thackeray के कार्यकाल में हुआ था। इसलिए इस मामले में कौन-कौन शामिल था, यह स्पष्ट होना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि Milind Narvekar की भोंदू बाबा से मुलाकात हुई थी और इस पर भी स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए कि यह मुलाकात किस उद्देश्य से हुई थी।
सरकार सख्त कार्रवाई करेगी
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि महिलाओं के शोषण और करोड़ों की संपत्ति जुटाने के आरोपों से घिरे भोंदू बाबा को गिरफ्तार करने का काम वर्तमान महायुति सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis के नेतृत्व में सरकार इस मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
‘अराजकता का सपना पूरा नहीं होगा’
संजय राउत द्वारा केंद्रीय बलों और व्यवस्था में अस्थिरता की बात कहने पर प्रतिक्रिया देते हुए बन ने कहा कि भारत में अराजकता फैलाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने राउत के बयानों को “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में देश पूरी तरह स्थिर और मजबूत है।
उन्होंने कहा कि भारत की तेज प्रगति और विकास को देखकर ही विपक्षी दल और राउत जैसे नेता परेशान हैं।