Posted in

श्याम लाल सचदेवा की स्मृति में कीर्तन समागम: नड्डा, नितिन नवीन समेत हजारों लोगों ने की अरदास

नई दिल्ली, 11 अप्रैल: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के पिताश्री स्वर्गीय श्याम लाल सचदेवा की स्मृति में शनिवार को गुरुद्वारा माता सुंदरी साहिब में एक भावपूर्ण कीर्तन समागम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजारों लोगों ने परिजनों के साथ मिलकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए अरदास की और श्रद्धांजलि अर्पित की।

समागम में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रमुख रागी भाई भूपेंद्र सिंह आनंद ने गुरबानी के शबदों का कीर्तन किया। कार्यक्रम के अंत में दिवंगत श्याम लाल सचदेवा की आत्मा की शांति के लिए अरदास की गई।

श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह, गिरिराज सिंह और हर्ष मल्होत्रा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इसके अलावा सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, बाँसुरी स्वराज समेत अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि स्वर्गीय श्याम लाल सचदेवा ने सामाजिक जीवन में एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि अपने अंतिम समय में भी पूरे परिवार को एक साथ रखना उनके व्यक्तित्व और उनके द्वारा दिए गए संस्कारों का प्रमाण है।

वहीं जगत प्रकाश नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि श्याम लाल सचदेवा ने सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में समाज की सेवा करते हुए अपना जीवन बिताया और साथ ही परिवार के प्रति अपने दायित्वों का भी आदर्श रूप से निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दिए गए संस्कार परिवार में स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं।

इस दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने भी सुबह सचदेवा परिवार के निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।

समागम के अंत में सचदेवा परिवार की ओर से सभी आगंतुकों और संवेदना व्यक्त करने वालों का आभार व्यक्त किया गया। वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि उनके पिताश्री के निधन के बाद से भाजपा नेतृत्व और समाज के विभिन्न वर्गों से मिल रही संवेदनाएं उनके परिवार के लिए इस कठिन समय में संबल का काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *