Manjinder Singh Sirsa
Manjinder Singh Sirsa
Posted in

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल “क्रिमिनल और करप्ट” को ही आखिर मंत्री क्यों बनाते हैं : मनजिंदर सिंह सिरसा

अरविंद केजरीवाल बहुरूपिया हैं और पैसों के “पीर” हैं सिरसा

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ट नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज केन्द्रीय कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया और तीन वर्षीय सजायाफ्ता बलबीर सिंह को पंजाब की भगवंत सिंह मान सरकार में मंत्री बनाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि चाहे पंजाब हो या दिल्ली, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल “क्रिमिनल और करप्ट” को ही आखिर मंत्री क्यों बनाते हैं और अपनी पार्टी का टिकट देते हैं? अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन पंजाब सरकार को रिमोट कंट्रोल से चलाते हुए पुलिस प्रशासन को कानून व्यवस्था लागू करने नहीं दे रहे हैं।

ये वही बलवीर सिंह हैं, जिन्हें एक महिला से मारपीट करने के मामले में तीन साल जेल की सजा हुई थी. दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी महिला सुरक्षा के नाम पर अब तक राजनीति करती आई है। निर्भया कांड के बाद वर्ष 2013 में “आप” ने महिला सुरक्षा के नाम पर वोट लिए, लेकिन हास्यास्पद है कि आज वही केजरीवाल जी महिला पर अत्याचार करने वालों को मंत्री बना रहे हैं।

श्री सिरसा ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल दावा किया करते थे कि दिल्ली प्रदेश में उनकी सत्ता आयी तो महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करेंगे, भ्रष्टाचारियों को सत्ता से बाहर करेंगे और अपराधी और भ्रष्टाचारी को चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं देंगे। सत्ता में आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक नया मापदंड निर्धारित किया है कि जो भ्रटाचारी, अपराधी और अवैध तरीके से धन उगाही करेगा, वही नेता आम आदमी पार्टी का मंत्री, सांसद, विधायक बन सकता है।

केजरीवाल जी का एक ही मापदंड है कि “पैसा लाओ और मंत्री बन जाओ” तथा “पैसा लाओ और पार्टी टिकट लो।“ अरविंद केजरीवाल बहुरूपिया हैं और पैसों के “पीर” हैं।

अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने पंजाब में भ्रष्टाचार को खत्म करने के नाम पर 92 सीटों के साथ भगवंत सिंह मान की सरकार बनायी। लेकिन सरकार बनने के कुछ दिनों बाद ही उनके स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला भ्रष्टाचार में पकड़े गए। दस महीने के भीतर, दो दिन पहले पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री फौजा सिंह सरारी को इस्तीफा देना पड़ा था, उनके भ्रष्टाचार के कारनामों का ऑडिया सबके सामने है।

सच्चाई यह है कि आम आदमी पार्टी के नेता या तो जेल में हैं, या फिर बेल पर। अरविंद केजरीवाल ने अपने काले कारनामे छिपाने और जनता के बीच में मुखौटे वाली स्वच्छ छवि दिखाने के लिए फौजा सिंह सरारी से इस्तीफा जरूर ले लिया, किन्तु आम आदमी पार्टी के मूलमंत्र और मापदंड में कोई बदलाव नहीं आया। “आप” का मापदंड वही रहा कि आप यदि करप्ट और क्रिमिनल हैं, तो मंत्री बन सकते हैं।

भारतीय जनता पार्टी देश की जनता की ओर से अरविंद केजरीवाल से कुछ सवाल पूछना चाहती है, आशा है वे इसका जल्द जवाब देंगे-

  • महिला से मारपीट करने के मामले में सजायाफ्ता बलबीर सिंह से कितने पैसे लेकर मंत्री बनाया गया?
  • फौजा सिंह सरारिया किसके कहने पर पैसे इकट्ठे कर रहे हैं ?
  • पंजाब में “आप” सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और भ्रष्टाचार के आरोपी विजय सिंगला रिश्वत लेकर किसे देते थे ?
  • जेल में बंद केजरीवाल सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन किसके लिए पैसा उगाही कर रहे हैं?
  • शराब घोटाले के आरोपी और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया किसके लिए पैसा इक्ठ्ठे कर रहे हैं?
  • केजरीवाल सरकार के मंत्री कैलाश गहलोत डीटीसी बस खरीद घोटाले के पैसे किसे दिया करते थे ?

अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन जेल में हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला अभी बेल पर हैं। आम आदमी पार्टी क्रिमिनल और करप्ट लोगों को ही मंत्री क्यों बना रही है? क्योंकि अरविंद केजरीवाल को पैसों की भूख बढ़ते जा रहा है। जिस ‘आप’ नेता के भ्रष्टाचार का ऑडियो-वीडियो वायरल होता है वह मंत्री बन जाता है। “आप” के एक नेता द्वारा एक करोड़ रुपए का अवैध लेन-देन का ऑडियो-वीडियो वायरल हुआ, तो उसे दिल्ली नगर निगम में “नेता सदन” बना दिया गया।

सत्येन्द्र जैन एकमात्र ऐसा मंत्री हैं जिसे हवाला केस में पैसा लेन-देन करने का आरोप लगा और जेल में बंद हैं। यही नहीं, नाबालिग बच्ची के बलात्कारी से सत्येन्द्र जैन जेल के अंदर मसाज कराते नजर आते हैं। इस पर भी भ्रष्टाचारी मंत्री रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं, सत्येन्द्र जैन जेल के अधिकारियों को धमकी भी दे रहे है। इन सबके बावजूद अरविंद केजरीवाल जी ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में नया इतिहास रचा और सत्येन्द्र जैन को अपनी कैबिनेट में अब तक नहीं निकाला। इसी तरह शराब घोटाला करने वाले दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आज भी मंत्री पद पर आसीन हैं। डीटीसी बस घोटाले के आरोपी कैलाश गहलोत आज भी मंत्री हैं।

अरविंद केजरीवाल जी उन लोगों को भारत रत्न दिलाना चाहते हैं जो भ्रष्टाचार एवं अन्य संगीन मामलों के आरोपी हैं। उनमें जितेन्द्र तोमर, असीम अहमद खान, संदीप कुमार और सत्येन्द्र जैन जैसे आरोपी के नाम शामिल हैं। केजरीवाल जी ने संदीप कुमार की तुलना महात्मा गांधी से की थी।

श्री सिरसा ने अरविंद केजरीवाल पर लोकतंत्र का हनन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल जी रिमोट कंट्रोल से पंजाब सरकार चला रहे हैं, इसी कारण पंजाब की “लॉ एडं आर्डर” की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान अपने जिला के एसपी को भी अपनी इच्छा से नहीं बदल सकते हैं, उन्हें केजरीवाल जी से पूछना पड़ता है।

केजरीवाल जी को पंजाब का  प्रशासनिक अनुभव भी नहीं है, फिर भी वे दिल्ली में बैठकर कंट्रोल कर रहे हैं। केजरीवाल जी प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को सही ढंग से काम करने से रोक रहे हैं। बीते कल फगवाड़ा में ड्यूटी दे रहे कुलदीप सिंह बाजवा पर कुछ कार चोरों ने गोलियों से हमला किया और वे मौके पर शहीद हो गए। पंजाब में ‘आप’ सरकार आने के बाद कभी बॉक्सर, तो कभी कबड्डी खिलाड़ी समेत कई चर्चित लोगों पर हमले हुए, किन्तु पंजाब सरकार ने  अब तककोई कार्रवाई नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *