गुरुग्राम। दीपावली के पावन पर्व पर गुरुग्राम पुलिस ने सामाजिक सरोकार की सराहनीय पहल करते हुए झुग्गी-बस्तियों और स्लम क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच मिठाइयां एवं उपहार वितरित किए। पुलिस टीमों ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कर सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और मानवता का संदेश दिया।
पुलिस आयुक्त श्री शिवास कविराज, IPS के निर्देशानुसार गुरुग्राम पुलिस की विभिन्न टीमों तथा पुलिस थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ खुशियां बांटना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना रहा।

इस अवसर पर गुरुग्राम पुलिस के सभी डीसीपी और एसीपी भी विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचे। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर दीपावली की बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली का संदेश

पुलिस टीमों ने नागरिकों को दीपावली का त्योहार सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए जागरूक भी किया। लोगों से पटाखों का सीमित एवं सावधानीपूर्वक उपयोग करने, पर्यावरण और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई।
गुरुग्राम पुलिस की इस पहल ने पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उसकी जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Reply