भारत में 1 मई से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीकाकरण शुरू होना है, लेकिन अधिकांश राज्यों मे ऐसा नहीं हो सका, क्योंकि कोरोना के टीके उपलब्ध नहीं हैं। इस चरण में टीकाकरण के लिए अब तक ढाई करोड़ लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। इस चरण में 18 साल से 44 साल तक के लोगों को टीका लगाया जाना है। 1 मई से जिन राज्यों में टीककरण शुरू हो रहा है उनमें शामिल हैं गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़। इनमें भी पूरे राज्य में एक साथ टीका नहीं लगाया जा रहा है। राज्यों की योजना है कि अभी वैक्सीन की भारी कमी है, इसलिए जैसे-जैसे वैक्सीन मिलेगी, टीकाकरण का दायरा बढ़ा जाएगा। वहीं करीब 14 राज्य ऐसे हैं जहां टीकाकरण अभी शुरू नहीं हो रहा है।
इन राज्यों में टीकाकरण शुरू
उत्तर प्रदेश के 7 जिलों में टीकाकरण शुरू हो रहा है। इनमें शामिल हैं लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ और बरेली।
गुजरात के 10 जिलों में टीकाकरण शुरू हो रहा है। गुजरात के साथ ही अपना स्थापना दिवस मना रहा महाराष्ट्र सांकेतिक टीकाकरण शुरू कर रहा है। राजस्थान के 11 जिलों में लोग आज से टीके लगवा पा रहे हैं। इन जिलों में शामिल है जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, बीकानेर, धौलपुर, कोटा, भीलवाड़ा और पाली। राजस्थान को अभी कोविशील्ट के 3 लाख डोज मिले हैं।
इन राज्यों में अभी नहीं शुरू होगा टीकाकरण शुरू
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि टीका नहीं होने के कारण अभी टीकाकरण शुरू नहीं हो रहा है, इसलिए लोग टीकाकरण केंद्रों के बाहर लाइन न लगाएं। जब वैक्सीन मिलेगी, तब सरकार सभी को सूचना देगा। पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी अभी टीकाकरण शुरू नहीं हो सका है। मध्य प्रदेश में 3 मई से टीके लगाने शुरू हो सकते हैं। इसी तरह, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, कर्नाटक, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश में 1 मई से टीकाकरण शुरू नहीं हो सका है।

