Posted in

केंद्रीय बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक दूरदर्शी और मजबूत दस्तावेज – मदन राठौड़

उदयपुर/जयपुर, 2 फरवरी 2026। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उदयपुर स्थित पटेल सर्कल पार्टी कार्यालय के मीडिया सेंटर में केंद्रीय बजट पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक दूरदर्शी और मजबूत दस्तावेज है, जो देश के आधारभूत ढांचे, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान को नई गति देगा। राठौड़ ने कहा कि 2013 तक कांग्रेस शासन में देश विकास के मामले में पिछड़ा हुआ था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से लगातार ऐसे परिवर्तन हुए हैं, जिन्हें देशवासी स्वयं महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2013 में जहां 1.5 करोड़ लोग आयकर देते थे, वहीं 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 9.2 करोड़ हो गई है, जो गरीबी में कमी और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रमाण है। प्रति व्यक्ति आय 2004-05 में 23,203 रुपये से बढ़कर 2024-25 में 2,05,324 रुपए हो गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किसानों के हित में एमएसपी में हुई ऐतिहासिक वृद्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि धान, गेहूं, मक्का, अरहर, मूंग और उड़द जैसी फसलों के दाम कई गुना बढ़े हैं, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2004-05 में धान का समर्थन मूल्य 550 रुपए था, जो आज 2023—24 में 2,183 रुपए हो गया है। इसी तरह मक्का पहले 505 से बढ़कर अब 2023—24 में 2,090 रुपए, अरहर 1,360 से 7,000 रुपए, मूंग 1,370 से 8,580 रुपए और उड़द 1,370 से 6,950 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। इससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि रेलवे का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, आधुनिक स्टेशन, ऑनलाइन टिकटिंग और बेहतर सुरक्षा व्यवस्थाएं नए भारत की तस्वीर प्रस्तुत करती हैं। इसके साथ ही 100 से अधिक हवाई अड्डों का निर्माण और आधुनिकीकरण किया गया है। सड़क क्षेत्र में 2013—14 में राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण 50 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.5 लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है। उन्होंने बताया कि देश की जीडीपी तेजी से बढ़ रही है, 2009 में केवल एक एम्स था, जबकि आज 24 एम्स कार्यरत हैं और इस बजट में 5 आयुर्वेदिक एम्स की घोषणा की गई है। आयुष्मान भारत योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना बन चुकी है।

राठौड़ ने कहा कि बजट का आकार 2013 में 2 लाख करोड़ से बढ़कर आज 54.1 लाख करोड़ हो गया है तथा पूंजीगत व्यय 1.1 लाख करोड़ से बढ़कर 12.2 लाख करोड़ हो गया है। राजकोषीय घाटा घटकर 4.3 प्रतिशत रह गया है। गंभीर बीमारियों की दवाइयों पर कस्टम ड्यूटी समाप्त कर मरीजों को राहत दी गई है। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास, प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल, पर्यटन से रोजगार बढ़ाने हेतु 10 हजार टूरिस्ट गाइड तैयार करने, एमएसएमई और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे कई महत्वपूर्ण प्रावधान इस बजट में किए गए हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि भाजपा की गारंटी है कि भारत विकसित होगा, रोजगार मिलेगा, भुगतान समय पर होगा और बिचौलियों व भ्रष्टाचार को पनपने नहीं दिया जाएगा। यह बजट भारत के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उनकी पूरी टीम को इस जनकल्याणकारी बजट के लिए धन्यवाद दिया।

राठौड़ ने कहा कि रेलवे को देखा जाए तो 2013-14 में ट्रैक का विद्युतीकरण 20 प्रतिशत था जो आज 100 प्रतिशत हो गया है। नए स्टेशन नई रेल मार्ग डबल ट्रैक प्लेटफार्म की स्थितियां पहले से कई गुना बेहतर रेलवे का विद्युतीकरण का काम बढ़ाया गया पहले रेलवे का बजट अलग से होता था। मोदी सरकार ने रेलवे के बजट को मुख्य बजट में शामिल किया। वंदे भारत जैसी सेमी हाई स्पीड ट्रेनों का विस्तार किया गया। ब्रेकिंग सिस्टम को मजबूत और नई तकनीकी से बढ़ाया, जिससे हादसों में कमी आई टिकट बुकिंग ऑनलाइन करके ब्लैक का काम खत्म किया, यात्राओं की सुविधाओं में बहुत से परिवर्तन किये, एयरपोर्ट की तर्ज पर प्लेटफार्म के निर्माण स्टेशनों को बहुत ही आधुनिक रूप से सुसज्जित करने का काम बुजुर्गों के लिए एक्सीलेटर का काम साफ सुथरी और चमकदार प्लेटफॉर्म आज के नये भारत की तस्वीर बयां करता है। यह सब परिवर्तन जनता समझ रही है इसी प्रकार 100 से अधिक हवाई अड्डा का निर्माण करवा कर उन्हें भी आधुनिक रूप दिया गया। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, डॉ. अल्का मूंदड़ा, शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Writer, Journalist and a Good Person

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *