उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश पदाधिकारियों, पीजी एसोसिएशन और डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा विधायक पंकज सिंह से मुलाकात कर शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने बिजली संकट, टूटी सड़कों, ट्रैफिक जाम, पीजी क्षेत्रों में बिजली कटौती और डिस्ट्रीब्यूटर्स की परिवहन संबंधी दिक्कतों के समाधान की मांग की।
उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने विधायक पंकज सिंह के सामने भीषण गर्मी में चरमराई बिजली व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज के कारण आम जनता के साथ-साथ व्यापारी भी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बिजली संकट के चलते व्यापार प्रभावित हो रहा है और कई क्षेत्रों में कामकाज ठप होने की स्थिति बन रही है।

विकास जैन ने शहर की टूटी सड़कों, रेड लाइट एरिया के आसपास अव्यवस्था और व्यापारियों को रोजाना आने वाली प्रशासनिक परेशानियों को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने इन समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल ने नोएडा के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित पार्किंग और अव्यवस्थित यातायात के कारण ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को परेशानी होती है, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है।
बैठक में पीजी एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। नितिन अग्रवाल ने कहा कि पीजी में कमर्शियल मीटर लगे हुए हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इन्हें प्राइवेट मीटर में बदला जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर नोएडा में सुनवाई नहीं हो रही है। अजय सोनी और निशांत कुमार ने पीजी क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इससे छात्रों और कामकाजी युवाओं को भारी परेशानी हो रही है।
डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन की ओर से राजेश जिंदल ने शहर में माल सप्लाई और परिवहन के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों तथा प्रशासनिक अड़चनों से विधायक को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार को सुचारू रखने के लिए परिवहन व्यवस्था और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाना जरूरी है।
विधायक पंकज सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि बिजली आपूर्ति, सड़क मरम्मत और ट्रैफिक जाम से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे बिजली विभाग, ट्रैफिक पुलिस और संबंधित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।

