Posted in

यूपी बनेगा सेमीकंडक्टर व मैन्युफैक्चरिंग हब, 40 हजार करोड़ के आयात वाले उत्पाद अब जेवर में बनेंगे

‘कोरिया सर्किट्स’ ने मुख्यमंत्री व मंत्रियों को दिया दक्षिण कोरिया आने का निमंत्रण

गौतम बुद्ध नगर, 27 जून 2026: गौतम बुद्ध नगर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को लेकर बड़ा भरोसा जताया। केंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है और राज्य अब सेमीकंडक्टर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसा विजन दिया है, जिसके कारण इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जेवर तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि जिन इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के लिए भारत पहले करीब 40 हजार करोड़ रुपये का आयात करता था, अब उनका निर्माण भारत में ही होगा और जेवर इसका प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर के बाद अब जेवर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का भी बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की कई बड़ी परियोजनाएं स्थापित होंगी, जिससे यूपी देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग केंद्रों में शामिल होगा।

कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन परियोजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले बजट में बुलेट ट्रेन को स्वीकृति दी है। यह ट्रेन दिल्ली से लखनऊ, वाराणसी, पटना होते हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक जाएगी।

वैष्णव ने कहा कि इस परियोजना से दिल्ली से लखनऊ की दूरी मात्र 2 घंटे 10 मिनट में तय की जा सकेगी, जबकि जेवर से लखनऊ की यात्रा करीब 1 घंटे 40 मिनट में पूरी होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और प्रदेश का ट्रांसपोर्ट नेटवर्क मजबूत होगा।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी इस भूमि पूजन समारोह को केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बनाती, बल्कि यह उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारने का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक उत्तर प्रदेश अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन आज प्रदेश औद्योगिक विकास, तकनीकी प्रगति और निवेश आकर्षित करने के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के लिए एक विश्वसनीय और सक्षम मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर बनकर उभरा है और उत्तर प्रदेश इस विश्वास का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

भूपेंद्र यादव ने कहा कि राजनीतिक स्थिरता, पारदर्शी नीतियों, कुशल युवा शक्ति और मजबूत बुनियादी ढांचे ने उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में वैश्विक सप्लाई चेन का स्वाभाविक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकसित भारत के संकल्प में सबसे बड़ा योगदान देने वाला राज्य बनेगा।

इस अवसर पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी उत्तर प्रदेश को देश के सबसे भरोसेमंद औद्योगिक निवेश केंद्रों में से एक बताया। अंबर इंटरप्राइजेज के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एवं सीईओ जसबीर सिंह ने कहा कि यह केवल भूमि पूजन नहीं, बल्कि भारत की अगली पीढ़ी के इलेक्ट्रॉनिक्स और मैन्युफैक्चरिंग की मजबूत नींव रखने का ऐतिहासिक अवसर है।

जसबीर सिंह ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश सरकार और यीडा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नया उत्तर प्रदेश है, जहां सरकार आगे बढ़ने और प्रगति के लिए लगातार काम करती है।

उन्होंने एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय में शाम 7 बजे भूखंड आवंटन पत्र दिए गए, तब उनके साथ आए कोरियाई प्रतिनिधि ने पूछा कि क्या उत्तर प्रदेश में रविवार को भी सरकार काम करती है। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि यह नया उत्तर प्रदेश है, यह दिन नहीं देखता, केवल आगे बढ़ने के लिए काम करता है।

कार्यक्रम में कोरिया सर्किट्स के सीईओ यांग हो चो ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और उनकी टीम के सहयोग से यह परियोजना संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि कोरिया सर्किट्स और अंबर की साझेदारी दक्षिण कोरिया की उन्नत तकनीक और भारत की मजबूत विनिर्माण क्षमता का संगम है।

यांग हो चो ने बताया कि इस प्लांट में उन्नत HDI PCB का निर्माण किया जाएगा, जिनका उपयोग मोबाइल फोन, आईटी उत्पादों और मेमोरी मॉड्यूल में किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्रियों को दक्षिण कोरिया आने तथा वहां की मैन्युफैक्चरिंग सुविधाओं का निरीक्षण करने का निमंत्रण भी दिया।

इस शिलान्यास कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम और वैश्विक तकनीकी साझेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *