Posted in

लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा, डॉ. महेश शर्मा ने परियोजना की समीक्षा की

जेवर ,गौतम बुद्ध नगर, 2 जुलाई 2026 : लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने गुरुवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का स्थानीय अध्ययन एवं भ्रमण किया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा के नेतृत्व में सांसदों और जनप्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगामी विकास योजनाओं से अवगत कराया। अध्ययन भ्रमण के दौरान वीआईपी एवं वीवीआईपी लाउंज, यात्री सुविधाएं, प्रस्थान एवं आगमन क्षेत्र, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष प्रबंध, टर्मिनल भवन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पहल का भी अवलोकन कराया गया।

बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL), यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA), ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BOI), केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) और राजस्व विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय तथा भविष्य में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य सुधारों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम में हाउसिंग कमेटी की सदस्य एवं सांसद अपराजिता सारंगी, सांसद कोडिकुन्निल सुरेश, सांसद अक्षय यादव, बुलंदशहर सांसद भोला सिंह, अलीगढ़ सांसद सतीश कुमार गौतम, सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी एवं श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

अध्ययन एवं भ्रमण कार्यक्रम के सफल आयोजन पर डॉ. महेश शर्मा ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, संबंधित एजेंसियों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. महेश शर्मा ने देश में विश्वस्तरीय नागरिक उड्डयन अवसंरचना के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना को गति देने, निवेश बढ़ाने और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयासों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और वैश्विक संपर्क का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *