Posted in

नई दिल्ली में Board of Trade बैठक: मध्य प्रदेश ने 2030 तक 5 अरब डॉलर टेक्सटाइल निर्यात का रखा लक्ष्य

नई दिल्ली : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में आयोजित बोर्ड ऑफ ट्रेड (Board of Trade) की महत्वपूर्ण बैठक में मध्य प्रदेश ने औद्योगिक विकास और निर्यात वृद्धि का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। राज्य की ओर से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSMEs) मंत्री चेतन कश्यप ने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए निवेश, विनिर्माण और निर्यात आधारित विकास रणनीति को सामने रखा।

बैठक में केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, निर्यात क्षमता बढ़ाने, उद्योगों के समक्ष आने वाली चुनौतियों के समाधान तथा मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान जिला निर्यात हब (Districts as Export Hub), एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन (EPM), ट्रेड रेमेडीज, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM), डेटा सेंटर, फंड ऑफ फंड्स और टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

2030 तक 5 बिलियन डॉलर टेक्सटाइल निर्यात का लक्ष्य

बैठक में चेतन कश्यप ने कहा कि मध्य प्रदेश टेक्सटाइल क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है और राज्य सरकार ने वर्ष 2030 तक 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर के टेक्सटाइल निर्यात का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए निवेश-अनुकूल नीतियों और निर्यात प्रोत्साहन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि धार जिले में विकसित हो रहा पीएम मित्र (PM MITRA) पार्क देश के सबसे बड़े प्लग-एंड-प्ले टेक्सटाइल इकोसिस्टम में शामिल है। करीब 2,100 एकड़ में विकसित इस पार्क में फार्म से लेकर फाइबर, फैब्रिक, फैशन और वैश्विक बाजार तक पूरी मूल्य श्रृंखला एक ही परिसर में उपलब्ध होगी।

राज्य सरकार के अनुसार, पीएम मित्र पार्क के लिए अब तक लगभग 26,170 करोड़ रुपये के संभावित निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इस परियोजना में 32 एंकर कंपनियां निवेश के लिए आगे आई हैं, जिससे करीब 46 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है।

रणनीतिक औद्योगिक पार्कों पर भी फोकस

एमएसएमई मंत्री ने कहा कि आयात पर निर्भरता कम करने और घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए राज्य में अन्य रणनीतिक औद्योगिक परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नर्मदापुरम में विकसित हो रहे रिन्यूएबल एनर्जी कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क में लगभग 67,716.55 करोड़ रुपये के संभावित निवेश और करीब 40,700 रोजगार सृजित होने का अनुमान है।

इसके अलावा उज्जैन मेडिकल डिवाइसेस पार्क में लगभग 3,264.78 करोड़ रुपये के निवेश के साथ करीब 12,876 रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से आयात प्रतिस्थापन (Import Substitution) को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

निर्यात लक्ष्य में मध्य प्रदेश निभाएगा अहम भूमिका

बैठक के दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने राज्यों से भारत को वैश्विक विनिर्माण और निर्यात केंद्र बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों का अधिकतम लाभ उठाकर निर्यात बढ़ाना विकसित भारत के लक्ष्य को गति देगा।

मध्य प्रदेश सरकार ने देश के 2 ट्रिलियन डॉलर निर्यात लक्ष्य को राष्ट्रीय संकल्प बताते हुए इसमें सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई। राज्य सरकार का कहना है कि निर्यात बढ़ाने के साथ-साथ आयात पर निर्भरता कम करना भी उसकी औद्योगिक नीति का प्रमुख उद्देश्य है।

चेतन कश्यप ने केंद्र सरकार द्वारा किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA), एक्सपोर्ट प्रमोशन मिशन, नई औद्योगिक विकास योजनाओं और GeM जैसे प्लेटफॉर्म की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों से एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने में बड़ी मदद मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्यों के साझा प्रयासों से भारत अपने निर्यात लक्ष्यों को हासिल करने में सफल होगा और मध्य प्रदेश इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *