दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 10 अगस्त 2026: दिल्ली पुलिस की साइबर पुलिस ने चोरी किए गए मोबाइल फोन के जरिए बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर अपराध सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक फैला था।

मामले की जांच की शुरुआत पश्चिम पटेल नगर निवासी 88 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक की शिकायत से हुई। 19 मई 2026 को उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। दो दिन बाद 21 मई को नया सिम जारी कराने के बाद उन्हें बैंक से तीन अनधिकृत लेनदेन के SMS मिले। उनके केनरा बैंक खाते से कुल ₹70,000 निकाले गए थे। पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में FIR संख्या 36/2026 दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि गिरोह कई स्तरों पर काम करता था। एक समूह मोबाइल फोन चोरी करता था, जबकि मेरठ और गाजियाबाद में मौजूद आरोपी कथित तौर पर म्यूल बैंक खातों, सिम कार्ड और POS मशीनों की व्यवस्था करते थे। राजस्थान के जयपुर से संचालित एक कॉल-सेंटर जैसे सेटअप के जरिए बैंकिंग लेनदेन को अंजाम दिया जाता था।

पुलिस ने जयपुर के झोटवाड़ा में कार्रवाई करते हुए कथित मुख्य आरोपी निखिल सोनी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, मेरठ और गाजियाबाद में समानांतर कार्रवाई कर म्यूल अकाउंट नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

बड़ी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 4 लैपटॉप, 2 मोबाइल टैब, 52 मोबाइल फोन, 145 सिम कार्ड, 70 डेबिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, 6 POS मशीन, 4 हाई-स्पीड इंटरनेट राउटर और ₹4 लाख नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कथित लेनदेन और पीड़ितों से संबंधित जानकारी वाली व्यक्तिगत डायरियां भी मिली हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की डिजिटल फॉरेंसिक जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इस मॉड्यूल का संबंध विभिन्न राज्यों में दर्ज 19 शिकायतों से सामने आया है। पुलिस अब गिरोह द्वारा कथित तौर पर किए गए कुल वित्तीय लेनदेन और धन के प्रवाह का पता लगा रही है।

मोबाइल चोरी होने पर तुरंत करें ये काम

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत सिम ब्लॉक कराने की अपील की है। साथ ही मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक कराने के लिए CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई है।

किसी भी अनधिकृत बैंकिंग लेनदेन की स्थिति में नागरिक तुरंत 1930 पर साइबर क्राइम हेल्पलाइन से संपर्क करें या National Cyber Crime Reporting Portal {www.cybercrime.gov.in}पर शिकायत दर्ज कराएं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *