जयपुर। आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जयपुर में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, मंत्री जोगाराम पटेल और प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी ने 2023 के विधायी प्रत्याशियों का मार्गदर्शन किया।
बैठक में आगामी नगर निकाय चुनाव की रणनीति, सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर जनसंवाद मजबूत करने और नगर निकायों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

31 माह में राजस्थान में विकास के नए आयाम: भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले 31 माह में राजस्थान में सुशासन और विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। भाजपा सरकार ने माता-बहनों, गरीबों, युवाओं, किसानों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कम समय में 35 से अधिक नीतियां लागू की हैं और शासन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के पिछले पांच वर्ष के शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की जनता कांग्रेस के कुशासन से त्रस्त थी। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ‘गवर्नमेंट टू पीपल कनेक्ट’ पहले से अधिक मजबूत हुआ है और सरकार आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में काम कर रही है।
जल, बिजली और सड़क के क्षेत्र में सरकार के काम गिनाए
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 15 लाख से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाने का काम किया गया है। राजस्थान ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रदेश की कुल स्थापित विद्युत क्षमता 34,279 मेगावाट तक पहुंच गई है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने 2.3 लाख से अधिक कृषि विद्युत कनेक्शन और 12 लाख से अधिक घरेलू विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 2.6 लाख से अधिक रूफटॉप संयंत्र लगाए जाने का भी दावा किया गया।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में करीब 50 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ है और 1,758 गांवों को डामर सड़कों से जोड़ा गया है। पश्चिमी राजस्थान में करीब 80 हजार करोड़ रुपये की लागत से पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी परियोजना का काम पूर्ण होने की बात भी उन्होंने कही।
किसान, गरीब और आवास योजनाओं का किया उल्लेख
भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को 9,000 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में दिए जा रहे हैं। शहरों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि करीब एक लाख आवास निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान के तहत 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से करीब 9 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं।
सरकार द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में राजस्थान को अग्रणी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
1.89 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने की दिशा में सरकार ने तेजी से काम किया है। उनके अनुसार करीब 1.89 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई गई है, जबकि 1.25 लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है।
पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और राजस्थान में पारदर्शी, जवाबदेह एवं सशक्त शासन व्यवस्था स्थापित की जा रही है।
“कांग्रेस पांच साल में भी नहीं कर पाई इतने काम”: भजनलाल शर्मा
नगर निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार ने 31 माह में जितने विकास कार्य किए हैं, कांग्रेस पार्टी उतने काम पांच साल के शासन में भी नहीं कर सकी और आगे भी नहीं कर पाएगी।”
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने, जनसंवाद करने और लोगों को यह बताने की अपील की कि भाजपा की डबल इंजन सरकार राजस्थान को विकास की नई दिशा दे रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी और नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत के साथ ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ विकास की नई इबारत लिखेगी।
टिकट वितरण में जमीनी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता: मदन राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा 24×7 सक्रिय रहने वाला संगठन है। पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और बूथ समितियां लगातार आमजन के साथ संवाद स्थापित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास बड़ी संख्या में ऐसे समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो वर्षों से अपने क्षेत्रों में रहकर जनता के साथ सीधा संवाद कर रहे हैं। ऐसे जमीनी और समर्पित कार्यकर्ताओं को अवसर मिलने पर वे पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मदन राठौड़ ने स्पष्ट कहा कि नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण के दौरान धरातल पर काम करने वाले, लगातार जनता के बीच रहने वाले, साफ-सुथरी छवि वाले और जीतने की क्षमता रखने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी प्रकार का भाई-भतीजावाद, सिफारिश या व्यक्तिगत दबाव नहीं चलेगा। युवाओं को भी संगठन में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर दिए जाएंगे।

सरकार-संगठन के समन्वय से जीत का दावा
बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय को आगामी नगर निकाय चुनाव में भाजपा की सफलता का आधार बताया। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा का लक्ष्य नगर निकाय चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करते हुए स्थानीय स्तर पर पार्टी का संगठन और जनाधार और मजबूत करना है। बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

Leave a Reply