Posted in

भाजपा सरकार नौकरियों में संगठित घोटाला कर रही, सत्ता में आए तो युवाओं को देंगे 3 साल की अतिरिक्त आयु सीमा: अखिलेश यादव

प्रयागराज, 29 जून 2026 : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर नौकरियों में “संगठित घोटाला” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने आरक्षण व्यवस्था और भर्ती प्रक्रियाओं के साथ अन्याय किया है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पेपर लीक और भर्ती में देरी से आयु सीमा पार कर चुके युवाओं को तीन वर्ष की अतिरिक्त आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

प्रयागराज में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को उनका अधिकार और सम्मान नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 22 भर्ती परीक्षाओं में आरक्षण में अनियमितताएं की हैं। उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती (2019) में ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग को निर्धारित आरक्षण नहीं मिला।

भाजपा ने आरक्षण घोटाले पर जवाब नहीं दिया

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने “पीडीए ऑडिट अंक-1 : पीडीए आरक्षण घोटाला” नाम से बुकलेट जारी कर 22 भर्तियों में आरक्षित सीटों की कथित लूट का आंकड़ा सार्वजनिक किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उसका कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के जिले में सैकड़ों प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं, लेकिन सरकार इस पर भी मौन है।

पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र में हाल ही में टीईटी परीक्षा पेपर लीक का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भी 2017 से अब तक दरोगा भर्ती, यूपी-टीईटी, यूपीपीएससी, सिपाही भर्ती, आरओ-एआरओ, यूजीसी-नेट, एसएससी जीडी और लेखपाल भर्ती सहित कई परीक्षाएं प्रभावित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह समयबद्ध होगी। प्रत्येक विभाग का वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिसमें नोटिफिकेशन, परीक्षा और नियुक्ति की तय समय-सीमा होगी।

परीक्षा प्रणाली में सुधार का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि परीक्षा केंद्र अभ्यर्थियों के गृह जिले या नजदीकी जिले में दिए जाएंगे। महिला और दिव्यांग अभ्यर्थियों को गृह जिले में प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों की छपाई से लेकर परीक्षा केंद्र तक पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग के दायरे में होगी।

उन्होंने कहा कि यदि सरकारी लापरवाही से पेपर लीक होता है तो अभ्यर्थियों से दोबारा परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा और एडमिट कार्ड के आधार पर निःशुल्क यात्रा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में समयबद्ध कार्रवाई होगी।

राम मंदिर दान विवाद पर भाजपा पर हमला

अखिलेश यादव ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि “जो नेशन फर्स्ट की बात करते थे, उनके लिए डोनेशन फर्स्ट है।”

उन्होंने कहा कि जनता राम मंदिर के दान का हिसाब मांग रही है और भाजपा को अब न चंदा मिलेगा और न वोट।

कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर भी साधा निशाना

सपा प्रमुख ने लखनऊ कोचिंग अग्निकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होती तो बच्चों की जान नहीं जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और भ्रष्टाचार थाना, तहसील से लेकर हर सरकारी कार्यालय तक फैला हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार, महंगाई, भ्रष्टाचार और आरक्षण जैसे सभी मोर्चों पर विफल रही है। उन्होंने फर्जी एनकाउंटर के मामलों का भी उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक न्याय आधारित सरकार बनाएगी और इंडिया गठबंधन को और मजबूत किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *