नोएडा, 12 अप्रैल : भारत विकास परिषद की स्वर्णिम नोएडा शाखा का अधिष्ठापन समारोह सरस्वती शिशु मंदिर, सेक्टर-12 में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2026-27 के लिए चयनित नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

समारोह में सर्वसम्मति से चयनित शाखा पदाधिकारियों में प्रमोद शर्मा ने अध्यक्ष, महेन्द्र कुमार शाह ने सचिव तथा राजेश खंडेलवाल ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही अन्य दायित्वधारियों ने भी अपने-अपने पदों की शपथ ली।
कार्यक्रम में नोएडा के लोकप्रिय विधायक पंकज सिंह की अति विशिष्ट अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति रही। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि कुशल प्रतिभा की खोज के लिए आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। उन्होंने समाज निर्माण में भारत विकास परिषद की भूमिका की सराहना की।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महेश बाबू गुप्ता, राष्ट्रीय संयोजक, भारत विकास परिषद ने कहा कि परिषद समाज के विकास और सेवा कार्यों में निरंतर अपना श्रेष्ठ योगदान दे रही है।
इस अवसर पर पूज्य अतुल कृष्ण भारद्वाज जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि समाज के युवा वर्ग को संस्कारित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी राजीव अजमानी अधिष्ठापन अधिकारी के रूप में समारोह में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान समाज के सम्मानित 12 परिवारों ने परिषद की सदस्यता ग्रहण की।
समारोह में परिषद की श्रीमती सुमन गुप्ता, नैवेद्य शर्मा, अजय अग्रवाल, ओमप्रकाश बंसल, डॉ. एम. के. अग्रवाल, मुकुल बाजपेई, तुलसीदास, संजय जिंदल, श्रीमती अंशु अग्रवाल एवं राम चंद्र बजाज सहित नोएडा नगर की विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

