नई दिल्ली, 26 जुलाई: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने रविवार को ‘युवा संवाद (Gen-Z with Modi)’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें दिल्ली के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे करीब 50 युवा छात्रों और उनके साथ आए कुछ अभिभावकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं के साथ दोतरफा संवाद में वर्ष 2014 से 2026 के बीच भारत में विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों के विकास एवं विस्तार पर चर्चा हुई। इसके अलावा पाठ्यक्रम में अनावश्यक अध्यायों को हटाने और राष्ट्रीय महत्व से जुड़े विषयों को शामिल करने को लेकर भी युवाओं ने अपने विचार रखे। छात्रों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति भी व्यक्त की।
संवाद के दौरान युवाओं ने जंतर-मंतर पर हुए सी.जे.पी. के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी अपनी राय रखी। युवाओं ने विभिन्न तर्कों के आधार पर प्रदर्शन को अनुचित बताया और कहा कि किसी भी आंदोलन में देश और समाज को जोड़ने वाली सकारात्मक सोच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान हिंदू विरोधी और राष्ट्रविरोधी टिप्पणियां की गईं, जो देश की एकता और सामाजिक सद्भाव के लिए उचित नहीं हैं।

इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में 11 एम्स थे, जबकि अब इनकी संख्या 23 हो गई है। इसी तरह मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 766 और MBBS सीटों की संख्या 51,348 से बढ़कर 1,15,812 हो गई है। पीजी मेडिकल सीटें भी 31,185 से बढ़कर 73,111 हो गई हैं।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि ये आंकड़े दर्शाते हैं कि आज देश के युवाओं के लिए मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में पहले की तुलना में कहीं अधिक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा आत्मविश्वास के साथ नए भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘युवा संवाद (Gen-Z with Modi)’ जैसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी बात रखने और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर खुलकर विचार व्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। आज की नई पीढ़ी जागरूक है और हर विषय पर तर्क एवं तथ्यों के आधार पर अपनी राय रखना चाहती है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के विचार, ऊर्जा और रचनात्मक सोच विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को भटकाने या समाज में विभाजन पैदा करने के बजाय सकारात्मक संवाद और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि भारत का युवा आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।


Leave a Reply