नई दिल्ली, 13मई, 2026 : दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा, पर्यटन और श्रम मंत्री Kapil Mishra ने ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर बड़ा संदेश देते हुए बुधवार को Delhi Metro से सफर किया। उन्होंने दिल्लीवासियों से निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के आह्वान और मुख्यमंत्री Rekha Gupta के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ऊर्जा संरक्षण के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी मंत्री, अधिकारी और कर्मचारी ईंधन बचाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
मेट्रो यात्रा के दौरान कपिल मिश्रा ने यात्रियों से बातचीत कर ऊर्जा संरक्षण के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि रोजाना ऑफिस और अन्य कार्यों के लिए निजी कारों की जगह बस और मेट्रो का उपयोग करें। साथ ही नजदीकी बाजारों और अन्य स्थानों तक पहुंचने के लिए पैदल चलने या साइकिल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक संकट के दौर में ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का पालन करते हुए हर नागरिक को ईंधन बचत में योगदान देना चाहिए।
कपिल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या आधे से कम करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री अब सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दे रहे हैं और केवल अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही एक सरकारी वाहन का उपयोग किया जाएगा।


