केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश में 11,672 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की गुणवत्ता और रखरखाव कार्यों की समीक्षा की। नई दिल्ली में आयोजित बैठक में मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त फीडबैक के आधार पर हाईवे परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा के साथ सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, NHAIऔर परियोजना ठेकेदारों के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान श्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण और रखरखाव में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं का समय पर क्रियान्वयन, आधुनिक तकनीकों का उपयोग और दीर्घकालिक टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है।
गडकरी ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क किसी भी राज्य के विकास की रीढ़ होता है। बेहतर राजमार्गों से कनेक्टिविटी बढ़ती है, आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है और यात्रियों को सुगम व सुरक्षित सफर की सुविधा मिलती है।
बैठक में मानसून की तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में सड़क सुरक्षा और हाईवे की मजबूती बनाए रखने के लिए पहले से रोकथाम संबंधी कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी रिस्पॉन्स मैकेनिज्म तैयार रखने को कहा गया।
गडकरी ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता, रखरखाव और यात्री सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों से कहा कि उत्तर प्रदेश में हाईवे नेटवर्क को अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और यात्री-अनुकूल बनाने के लिए समन्वित तरीके से काम किया जाए।

