Posted in

कांग्रेस ने शुरू किया 100 दिवसीय संविधान रक्षक अभियान

देश के संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को संविधान रक्षक अभियान के दिल्ली अध्याय की शुरुआत की। 100 दिवसीय यह अभियान 26 नवंबर, 2024 तक चलेगा।

अभियान की शुरुआत करते हुए कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने यह जानकारी दी। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेश लिलोठिया और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी मौजूद थे।

कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा, संविधान रक्षक अभियान को पूरे देश में चलाया जाएगा। अब तक पूरे देश में तीन लाख संविधान रक्षक बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और उन्होंने खुद भी संविधान रक्षक स्वयंसेवक के रूप में नामांकन कराया है। इसी अभियान के तहत आने वाले 100 दिनों में दिल्ली की 70 विधानसभाओं में इसे लेकर जाने की योजना है।

माकन ने कहा, संविधान के लिए चुनौतियां और खतरे अभी भी कायम हैं, क्योंकि वही लोग सत्ता में हैं जो चुनाव से पहले संविधान को बदलने की बातें करते थे। जो लोग देश के पिछड़े और दलित वर्गों को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते, वे संविधान पर हमला करते हैं। हमने देखा है किस तरह भाजपा के नेता संविधान बदलने की बातें किया करते थे। हमें अपनी जान देकर भी संविधान की रक्षा करनी है।

माकन ने कहा, जब राहुल गांधी जी चुनाव में संविधान की प्रति दिखाते थे, तब उसके दो मकसद थे। पहला कि हम इस संविधान की रक्षा करेंगे। दूसरा कि यह संविधान हमारे देश के लोकतंत्र की रक्षा करता है। यही संदेश लिए राहुल गांधी जी बैठकों में जाते थे और इस संविधान को आगे रखकर अपनी बात किया करते थे।

अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने कहा कि संविधान के निर्माण के समय इसका विरोध करने वाली और इसकी प्रतियां जलाने वाली ताकतें आज सत्ता में हैं। संविधान पर लगातार खतरा मंडरा रहा है।

लिलोठिया ने बताया कि संविधान रक्षक अभियान पूरे देश में आयोजित होने जा रहा है। हम इस अभियान के तहत गांव के स्तर पर संविधान रक्षक से जुड़ी समिति बनाने जा रहे हैं। हम हर गांव से दो संविधान रक्षक चुनेंगे, जिन्हें मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। इसके साथ ही हम गांव के स्तर पर कई कार्यक्रम करवाएंगे, जहां संविधान पर चर्चा की जाएगी। इस अभियान का समापन 26 नवंबर, 2024 को तालकटोरा स्टेडियम में किया जाएगा। इस दिन संविधान को अपनाए जाने के 75 साल भी पूरे होंगे।

वहीं दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, आज देश में जो माहौल है, उसमें बहुत जरूरी है कि हम सभी संविधान रक्षक के रूप में आगे आएं।पिछले कुछ समय से देश के संविधान पर हमला किया जा रहा है, जिससे लोगों को उनका हक न मिले। कांग्रेस पूरे देश में संविधान रक्षक अभियान चलाने जा रही है, ताकि लोगों के साथ किए जा रहे अन्याय को खत्म किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *