नई दिल्ली, 12 जून : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो अंतरराज्यीय अवैध हथियार सप्लाई सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए छह प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 26 अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा 6 मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अवैध हथियारों की ढुलाई में इस्तेमाल की गई तीन गाड़ियां भी जब्त की गई हैं।
स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज की टीम ने इंस्पेक्टर अनुकूल पंवार, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार और इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। टीम एसीपी राहुल कुमार सिंह की निगरानी में काम कर रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार निवासी लोनी, गाजियाबाद; सुनील तंवर निवासी बागपत; योगेश निवासी द्वारका; रजत उर्फ राज्जू निवासी लोनी, गाजियाबाद; सौरभ निवासी बागपत और निखिल निवासी न्यू कोंडली, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह अवैध हथियार मध्य प्रदेश के बुरहानपुर और खरगोन क्षेत्र से मंगाए जा रहे थे और दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात गैंगस्टरों से जुड़े अपराधियों को सप्लाई किए जाने थे। जांच में सामने आया है कि हथियारों की सप्लाई मंजित महल, गोगी गैंग और रणदीप भाटी गैंग से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी।
पहले ऑपरेशन में 21 पिस्टल बरामद
स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से अवैध हथियारों की खेप दिल्ली लाई जा रही है। 22 मई 2026 को टीम ने ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पास रवि कुमार और सुनील तंवर को गिरफ्तार किया। तलाशी में रवि के बैग से 10 और सुनील तंवर के बैग से 5 अवैध पिस्टल बरामद हुईं।
पूछताछ में पता चला कि सुनील तंवर के निर्देश पर रवि कुमार मध्य प्रदेश गया था और वहां से हथियार लेकर दिल्ली पहुंचा था। आगे की जांच में 24 मई को द्वारका सेक्टर-7 से योगेश को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक लोडेड सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस मिले। उसकी गाड़ी में छिपाकर रखी गई 3 अन्य पिस्टल भी बरामद की गईं।
इसके बाद 26 मई को लक्ष्मी नगर इलाके से रजत उर्फ राज्जू और सौरभ को गिरफ्तार किया गया। रजत के पास से एक पिस्टल और 2 कारतूस तथा सौरभ के पास से एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ।
दूसरे ऑपरेशन में निखिल गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में 22 मई 2026 को स्पेशल सेल ने रोहिणी के हेलिपैड क्षेत्र के पास निखिल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वह अवैध हथियारों की खेप अपने संपर्क को देने आया था। तलाशी के दौरान उसके बैग से 5 अवैध पिस्टल बरामद की गईं। इस संबंध में स्पेशल सेल थाने में मामला दर्ज किया गया है।
कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। सुनील तंवर पर 14 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। वह बागपत जिले के खेला गांव का रहने वाला है और पुलिस के मुताबिक, वह पिछले कई वर्षों से मध्य प्रदेश से अवैध हथियार मंगाकर दिल्ली-एनसीआर के अपराधियों को सप्लाई कर रहा था।
रवि कुमार पर हत्या और अपहरण जैसे मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह जेल में गैंगस्टरों के संपर्क में आया और बाद में सुनील तंवर के जरिए हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़ गया।
योगेश पर हत्या के प्रयास और लूट समेत 4 मामले दर्ज हैं। रजत उर्फ राज्जू पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 19 मामले दर्ज बताए गए हैं। सौरभ पर 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि निखिल पर भी 4 मामलों में पूर्व आपराधिक संलिप्तता बताई गई है।
स्पेशल सेल के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि वे मध्य प्रदेश के हथियार सप्लायरों से पिस्टल खरीदकर दिल्ली-एनसीआर के अपराधियों और गैंग नेटवर्क को बेचते थे। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सप्लायरों, रिसीवरों और गैंग कनेक्शन की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में कुल 26 अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल फोन, सिम कार्ड और तीन वाहन बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

