Posted in

दिल्ली भाजपा ने 7568 बूथों पर सुना प्रधानमंत्री मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम

नई दिल्ली, 31 मई 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें संस्करण को आज दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिक संगठनों के साथ 7568 बूथों और विभिन्न स्थानों पर सुना। दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना, जबकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय आरडब्ल्यूए और भाजपा पदाधिकारियों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भाग लिया।

दिल्ली में ‘मन की बात’ कार्यक्रम आयोजन टोली के संयोजक राजन तिवारी के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने केशवपुरम जिले के प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वरिष्ठ विधायक सतीश उपाध्याय द्वारा आयोजित विकास कार्यों के उद्घाटन और समीक्षा बैठक के दौरान खेल गांव मार्ग स्थित एनसीयूआई ऑडिटोरियम में कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज भी उपस्थित रहीं।

दिल्ली भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने सांसद प्रवीन खंडेलवाल की उपस्थिति में चांदनी चौक जिले के प्रशिक्षण शिविर सत्र को संबोधित करने के बाद वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार में स्थानीय लोगों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय में ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इसके अलावा दिल्ली के विभिन्न बूथों और स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिक संगठनों के साथ कार्यक्रम को सुना।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के ऐसे राष्ट्रीय नेता हैं, जो सीधे जनता से संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देशभर में हो रही छोटी-छोटी सकारात्मक पहलों, प्रतिभाओं और प्रेरक प्रयासों को सामने लाते हैं।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गर्मी के मौसम में बचाव के लिए स्थानीय और पारंपरिक उपायों का उल्लेख किया, जिनमें आम पन्ना और सत्तू जैसे पेय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के लोगों को नई और अनोखी पहल की जानकारी देता है, इसलिए नागरिकों को नियमित रूप से ‘मन की बात’ सुननी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ अब एक जनभागीदारी वाला कार्यक्रम बन चुका है। पहले लोग रविवार को रामायण धारावाहिक देखने का इंतजार करते थे, उसी तरह आज लोग हर महीने के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की प्रतीक्षा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *