योगी सरकार की शिक्षकों को बड़ी सौगात, कैशलेस इलाज के साथ ₹1.5 करोड़ तक बीमा कवर

आगरा, 26 जुलाई: उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए रविवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। खंदारी कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों के लिए स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी दो बड़ी योजनाओं की शुरुआत की। इसके तहत मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना लागू की गई, वहीं उच्च शिक्षा विभाग ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।

इन दोनों पहलों से प्रदेश के शिक्षकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ मजबूत वित्तीय सुरक्षा मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

शिक्षकों को मिलेगा ₹1.5 करोड़ तक व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा

योगी सरकार के मार्गदर्शन में पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए MoU के तहत शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को ₹1.5 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। इसके अलावा हवाई दुर्घटना बीमा के तहत ₹3 करोड़ तक का कवर, ₹60,000 तक का अस्पताल कैश लाभ और ₹12 लाख तक का टर्म लाइफ इंश्योरेंस भी उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकार की इस पहल को शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

1.28 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारों को लाभ

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों, सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों और स्ववित्तपोषित संस्थानों में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को लाभ मिलेगा।

योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में सालाना ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत कार्ड जारी होते ही लाभार्थी इसका उपयोग शुरू कर सकेंगे। अस्पताल में भर्ती, उपचार, दवाओं और डिस्चार्ज से संबंधित निर्धारित खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

कैंसर और हृदय रोग समेत 1,900 से अधिक बीमारियों का इलाज

योजना का क्रियान्वयन SACHIS के माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर निर्धारित दरों पर उपचार पैकेज उपलब्ध होंगे। सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में 1,900 से अधिक बीमारियों के उपचार की सुविधा दी जाएगी।

इनमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों और बड़ी सर्जरी जैसी महंगी चिकित्सा सेवाएं भी शामिल हैं। योजना के कार्ड वितरण के लिए प्रदेश के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिक्षकों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

योजना और बीमा सुविधाओं का लाभ पाने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए इसे लंबे समय से प्रतीक्षित मांग की पूर्ति बताया। लाभार्थियों ने कहा कि कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कर्ज लेने की चिंता कम होगी, जबकि दुर्घटना और जीवन बीमा परिवारों को भविष्य के लिए वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेंगे।

शिक्षकों ने कहा कि कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार का खर्च अब योजना के दायरे में आने से उन्हें आर्थिक चिंता से राहत मिलेगी और वे अधिक निश्चिंत होकर अपने शिक्षण दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

शिक्षकों ने PNB के साथ हुए MoU और मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को शिक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *