संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा है कि प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ का उद्घाटन करेंगे और कल अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से पदयात्रा को रवाना करेंगे। आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा कि सरकार ने 12 मार्च, 2021 से 15 अगस्त, 2022 तक भारत की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाने के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश भी 12 मार्च, 2021 को कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

संस्कृति और पर्यटन मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने 81 व्यक्तियों के साथ 12 मार्च से 6 अप्रैल, 1930 तक प्रसिद्ध दांडी पदयात्रा की थी। प्रधानमंत्री पदयात्रा को अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से नवसारी में दांडी के लिए झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 241 मील की यह पदयात्रा 25 दिन में 5 अप्रैल, 2021 को समाप्त होगी। पदयात्रा में 81 पदयात्री होंगे और दांडी तक इसके मार्ग में विभिन्न समूह के लोग शामिल होंगे।
पटेल ने घोषणा की कि वह पदयात्रा के 75 किलोमीटर के पहले चरण का नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने बताया कि सरकार ने अमृत महोत्सव के रूप में भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाने का निर्णय लिया है। 15 अगस्त, 2022 तक आने वाले 75 सप्ताहों के दौरान साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह एक कार्यक्रम होगा। महोत्सव में सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लोगों की रुचि के मुताबिक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और संस्कृति मंत्रालय सहायता करेगा।

