नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा में अध्यक्षीय परिवर्तन के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री और पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनकी नियुक्ति की घोषणा की। इसके बाद प्रदेश कार्यालय में आयोजित सादे लेकिन प्रभावी समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने हर्ष मल्होत्रा का स्वागत करते हुए उन्हें पदभार सौंपा और अध्यक्षीय कुर्सी पर बैठाया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय, सांसद मनोज तिवारी, आदेश गुप्ता, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, बाँसुरी स्वराज और स्वाति मालीवाल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद और कपिल मिश्रा ने भी नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया।
हर्ष मल्होत्रा ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि जिन प्रदेश अध्यक्षों के मार्गदर्शन में उन्होंने काम किया, वे सभी आज उन्हें आशीर्वाद देने आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के मंत्रियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनना हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत और वीरेन्द्र सचदेवा के प्रेरणादायक नेतृत्व का परिणाम है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा में जिम्मेदारियां 400 मीटर की रिले दौड़ की तरह होती हैं। आज वीरेन्द्र सचदेवा ने उन्हें जिम्मेदारी रूपी बैटन सौंपी है। उन्होंने संकल्प लिया कि दिल्ली के हजारों कार्यकर्ताओं और नेतृत्व के मार्गदर्शन में वे दिल्ली भाजपा को आगे बढ़ाने और दिल्ली सरकार के कार्यों को गति देने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार काम कर रही है और अब सरकार के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की जिम्मेदारी नए अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि हर्ष मल्होत्रा के पास मेयर, सांसद और मंत्री के रूप में प्रशासनिक अनुभव है, साथ ही संगठन में भी लंबा अनुभव रहा है। पिछले 25 वर्षों से वे साथ काम कर रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा ने नई ऊंचाइयां हासिल कीं और 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने विश्वास जताया कि हर्ष मल्होत्रा भी सभी कार्यकर्ताओं का उसी तरह मार्गदर्शन और संरक्षण करेंगे और संगठन को परिवार की तरह साथ लेकर चलेंगे।

समारोह में प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल और मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने मंच संचालन किया। प्रदेश पदाधिकारी राजीव बब्बर, हरीश खुराना, इमप्रीत सिंह बख्शी, बृजेश राय, सुनीता कांगड़ा, सारिका जैन, नरेश ऐरन, सोना कुमारी, योगेश आत्रेय, अनिल गुप्ता, यासिर जिलानी, शुभेन्दू शेखर अवस्थी और अजय सहरावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

