Posted in

SIR Phase III: ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू

नई दिल्ली, 31 मई 2026 : चुनाव आयोग ने Special Intensive Revision (SIR) के तीसरे चरण के तहत ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में एन्यूमरेशन फेज शुरू कर दिया है। इन राज्यों में यह प्रक्रिया 30 मई 2026 से शुरू हुई है। आयोग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे घर-घर आने वाले चुनाव अधिकारियों के साथ सहयोग करें और समय पर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करें।

चुनाव आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 324 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21 सहित अन्य प्रावधानों के तहत 14 मई 2026 को 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण का आदेश जारी किया था। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छूटे नहीं और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।

आयोग के अनुसार, जिन पात्र मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म 28 जून 2026 तक संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर को प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। जो मतदाता निर्धारित तारीख तक अपना फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे, वे दावे और आपत्तियों की अवधि के दौरान निर्धारित डिक्लेरेशन फॉर्म के साथ फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

SIR के एन्यूमरेशन फेज के दौरान बूथ लेवल

ऑफिसर घर-घर जाकर मौजूदा मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। मतदाता भरे हुए फॉर्म को BLO के माध्यम से या ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करने के लिए BLO हर घर में जाकर फॉर्म का वितरण, संग्रह और सत्यापन करेंगे।

चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि घर-घर एन्यूमरेशन के दौरान BLO अपने साथ कम से कम 30 खाली फॉर्म-6 और डिक्लेरेशन फॉर्म रखें, ताकि नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने के इच्छुक नागरिकों को तत्काल फॉर्म उपलब्ध कराया जा सके।

राजनीतिक दलों की भागीदारी बढ़ाने के लिए आयोग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स को प्रतिदिन अधिकतम 50 फॉर्म जनता से एकत्र कर BLO को सौंपने की अनुमति दी है। राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त दल SIR प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए अतिरिक्त BLA भी नियुक्त कर सकते हैं।

  • ओडिशा में 3,34,14,856 मतदाता हैं, जिनके लिए 38,123 BLO और 8,391 BLA तैनात हैं।
  • मिजोरम में 8,75,008 मतदाताओं के लिए 1,353 BLO और 3,430 BLA हैं।
  • सिक्किम में 4,71,077 मतदाताओं के लिए 572 BLO और 681 BLA काम करेंगे।
  • मणिपुर में 20,92,140 मतदाताओं के लिए 2,996 BLO और 5,003 BLA तैनात किए गए हैं।

चुनाव आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे SIR प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें, अपने फॉर्म समय पर जमा करें और मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *