Posted in

दिल्ली के 13 जिलों में चलेगा विशेष रेस्क्यू अभियान, बेसहारा लोगों को मिलेगा उपचार और पुनर्वास

नई दिल्ली, 10मई,2026। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति/जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री Ravindra Indraj Singh ने घोषणा की है कि 11 मई से 15 मई 2026 तक राजधानी के सभी 13 जिलों में विशेष सेवा एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद, असहाय और बेसहारा लोगों को सुरक्षित आश्रय, उपचार और पुनर्वास उपलब्ध कराना है।

यह विशेष अभियान दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग, Apna Ghar Ashram और Seva Bharati दिल्ली प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जाएगा।

पूठ खुर्द स्थित अपना घर आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने बताया कि पूरे दिल्ली में 19 वाहनों के माध्यम से रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा और अनुमानित रूप से 300 से अधिक जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान की जाएगी। रेस्क्यू किए गए लोगों को अपना घर आश्रम लाकर उनके उपचार, देखभाल और पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।

इस अवसर पर अपना घर आश्रम के संस्थापक Dr. B. M. Bhardwaj और सेवा भारती दिल्ली प्रांत से Dr. Sanjay Jindal भी उपस्थित रहे।

मंत्री ने कहा कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए “वन विंडो सिस्टम” लागू किया गया है, जिसमें समाज कल्याण विभाग मुख्य भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पूरे अभियान के दौरान 24 घंटे सहयोग और समन्वय सुनिश्चित करेगी।

रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है और समाज के उपेक्षित एवं बेसहारा लोगों की सहायता करना प्रभु सेवा के समान है। उन्होंने अपना घर आश्रम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि संस्था न केवल बेसहारा लोगों का रेस्क्यू करती है, बल्कि उनके स्वस्थ होने के बाद उन्हें उनके परिवारों तक पहुंचाने का कार्य भी करती है।

उन्होंने मीडिया और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस मानवीय अभियान में सहयोग करें और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *