राहुल गांधी का परिसीमन पर बड़ा बयान, बोले- हर तमिल व्यक्ति को करना चाहिए विरोध

नई दिल्ली, 1 अगस्त: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रस्तावित परिसीमन के जरिए तमिलनाडु के लोगों की राजनीतिक ताकत कम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हर तमिल व्यक्ति को परिसीमन का विरोध करना चाहिए।

तमिलनाडु दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा परिसीमन लागू करने की कोशिश कर रही है और इसका उद्देश्य तमिलनाडु के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित करना तथा उनकी राजनीतिक शक्ति को कमजोर करना है। उन्होंने इसे भाजपा की एक राजनीतिक साजिश करार दिया।

राहुल गांधी ने कहा कि तमिलनाडु के लोगों के साथ विश्वासघात के प्रतीक ऐतिहासिक किरदार एट्टप्पन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल या व्यक्ति परिसीमन विधेयक को आगे बढ़ाने के भाजपा और आरएसएस के प्रयासों का समर्थन करता है, वह तमिलनाडु के लोगों और उनके भविष्य के साथ धोखा कर रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोग भाजपा को तमिलनाडु के लोगों के हितों पर हमला करने का अवसर दे रहे हैं और इतिहास उन्हें 21वीं सदी के एट्टप्पन के रूप में याद करेगा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि किसी भी तमिल व्यक्ति को परिसीमन का समर्थन नहीं करना चाहिए। उन्होंने सभी तमिल पार्टियों और राष्ट्रीय दलों से सदन में परिसीमन विधेयक का विरोध करने और उसे पारित होने से रोकने की अपील की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *