Posted in

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आमजन के साथ मनायी होली, प्रदेशवासियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं

जयपुर, 4 मार्च। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को आमजन के साथ होली का पावन पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित भव्य होली महोत्सव में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायकगण एवं पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री शर्मा ने सपत्नीक आमजन को गुलाल लगाकर, फूलों की वर्षा कर तथा आत्मीय अभिवादन के साथ सभी का स्वागत किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। होली हमें भेदभाव मिटाकर एकता के रंग में रंगने का संदेश देती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि होली भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक सद्भाव, विकास और सांस्कृतिक एकता के रंग इसी प्रकार गहराते रहें, यही हमारी कामना है। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ आमजन के बीच जाकर गुलाल लगाया और कार्यकर्ताओं के साथ होली की बधाई साझा की।

होली महोत्सव में प्रदेशभर की विविध सांस्कृतिक झलकियां एक ही छत के नीचे देखने को मिलीं। ब्रज से आए भारतीय कला संस्थान के कलाकारों एवं भजन मंडली ने पारंपरिक फाग गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांधा। वहीं शेखावाटी क्षेत्र के फतेहपुर की गो वत्स फाग मंडली ने चंग की थाप पर धमाल प्रस्तुत कर वातावरण को फाल्गुनी रंगों से सराबोर कर दिया। मुख्यमंत्री स्वयं भी कलाकारों के बीच पहुंचे और फाग गीतों में सहभागी बने।

कार्यक्रम में भाजपा के उपाध्यक्ष, महामंत्री, प्रदेश मंत्री सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *