भारत टेक्स 2026 का आगाज: 140 देशों के 7,000+ खरीदार, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 14 जुलाई। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भारत टेक्स 2026 (Bharat Tex 2026) का उद्घाटन किया। रिकॉर्ड अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के साथ शुरू हुए इस आयोजन को दुनिया के सबसे बड़े एकीकृत वस्त्र मूल्य श्रृंखला (Integrated Textile Value Chain) मंचों में से एक माना जा रहा है।

Upkaar Events

भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (BTTF) द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय आयोजन में 140 से अधिक देशों के 7,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 1.30 लाख से अधिक ट्रेड विजिटर्स और 20,000 से अधिक उत्पाद प्रदर्शन शामिल हैं। 1.60 लाख वर्गमीटर क्षेत्र में फैला यह आयोजन भारत की वस्त्र निर्माण क्षमता, नवाचार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में बढ़ती भूमिका को प्रदर्शित कर रहा है।

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा, वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव, विभिन्न राज्यों के मंत्री, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, वैश्विक खरीदार, निवेशक और अंतरराष्ट्रीय वस्त्र क्षेत्र के विशेषज्ञ उपस्थित रहे। रूस और न्यूजीलैंड के मंत्रीस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी ने आयोजन के बढ़ते वैश्विक महत्व को और मजबूत किया।

भारत वैश्विक टेक्सटाइल हब बनने की ओर

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत टेक्स केवल तीन संस्करणों में व्यापार, निवेश, नवाचार और नीति संवाद का वैश्विक मंच बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5F विजन (Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign) का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब केवल वस्त्रों का आपूर्तिकर्ता नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक भरोसेमंद और नवाचार आधारित साझेदार के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि देशभर में विकसित किए जा रहे सात PM MITRA मेगा टेक्सटाइल पार्कों में लगभग 70,000 करोड़ रुपये के निवेश और 21 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। वहीं SAMARTH योजना के तहत अब तक 5 लाख से अधिक लोगों को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें लगभग 88 प्रतिशत महिलाएं हैं।

निर्यात को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य

गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत का लक्ष्य वर्ष 2030 तक वस्त्र एवं परिधान निर्यात को लगभग 37.7 अरब डॉलर से बढ़ाकर 100 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। इसके लिए सरकार स्टाइल, स्केल, स्किल और सस्टेनेबिलिटी पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया, यूएई, ओमान और यूके के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) भारतीय वस्त्र निर्यात के लिए नए अवसर खोल रहे हैं, जबकि यूरोपीय संघ सहित अन्य देशों के साथ भी व्यापारिक वार्ताएं जारी हैं।

भारत टेक्स और प्रीमियर विजन पेरिस के बीच रणनीतिक साझेदारी

कार्यक्रम के दौरान भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन (BTTF) और विश्व प्रसिद्ध फैशन एवं टेक्सटाइल सोर्सिंग मंच Première Vision Paris के बीच एक लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह साझेदारी भारतीय MSMEs, निर्यातकों और डिजाइनरों को यूरोप एवं अन्य वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने, संयुक्त निर्यात संवर्धन, डिजाइन नवाचार, टिकाऊ उत्पादन और वैश्विक फैशन उद्योग से बेहतर जुड़ाव का अवसर प्रदान करेगी।

100 से अधिक ज्ञान सत्र और हजारों बिजनेस मीटिंग्स

भारत टेक्स 2026 के दौरान 100 से अधिक नॉलेज सेशन, पैनल चर्चा, मास्टरक्लास, राउंडटेबल बैठकें, B2B और B2G मीटिंग्स, निवेश वार्ताएं और उत्पाद लॉन्च आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन में फाइबर, सूत, फैब्रिक, परिधान, होम टेक्सटाइल, टेक्निकल टेक्सटाइल, हथकरघा, हस्तशिल्प, मशीनरी, नवाचार, टिकाऊ उत्पादन और उभरती तकनीकों सहित संपूर्ण वस्त्र उद्योग की झलक देखने को मिलेगी।

भारत टेक्स 2026, 14 से 17 जुलाई तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है और इसे भारत के वस्त्र उद्योग के लिए वैश्विक व्यापार, निवेश और सहयोग का सबसे बड़ा मंच माना जा रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *