दिल्ली में छठ महापर्व की भव्य तैयारियां, मुनक नहर पर बनेगा 11 किलोमीटर लंबा घाट

नई दिल्ली, 9 नवंबर 2026। दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े सभी इंतजाम समय से पहले पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस वर्ष दिल्ली में छठ पूजा का विशेष आकर्षण मुनक नहर पर विकसित किया जा रहा 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट होगा। बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक बनाए जा रहे इस घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोनों ओर सीढ़ियां और सीमेंट की सड़क तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सिंगलपुर गांव के निकट आयोजित कार्यक्रम में इस घाट का उद्घाटन करेंगे। इससे आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

दिल्ली में 1,400 से अधिक घाटों पर होगी पूजा

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष दिल्ली में लगभग 1,400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पिछले वर्ष 1,326 घाटों पर छठ पूजा आयोजित हुई थी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घाटों की आधारभूत तैयारियां पहले ही पूरी कर ली जाएं। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग नियमित निरीक्षण करें तथा कमियों को तत्काल दूर करें।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि इस वर्ष छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। नवंबर में संभावित ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर जरूरत के अनुसार पर्याप्त कवर वाले टेंट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूजा से दो दिन पहले तक सभी प्रमुख व्यवस्थाएं पूरी हो जानी चाहिए।

महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इन सुविधाओं की साफ-सफाई और उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बड़े घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 15 और 16 नवंबर को श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही को देखते हुए सफाई कर्मचारियों और अतिरिक्त टीमों को 24 घंटे सक्रिय रखने की व्यवस्था की जाएगी।

घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर रोशनी और सफाई

श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को पहुंच मार्गों का विशेष निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि रास्तों पर पर्याप्त रोशनी हो और कहीं भी अंधेरा या डार्क स्पॉट न रहे।

मॉडल छठ घाटों को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के साथ प्रमुख घाटों पर मुख्य सड़क से दिखाई देने वाले स्वागत द्वार लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी तैयारियों की लगातार निगरानी की जाए और विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है छठ महापर्व

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व लाखों लोगों की आस्था, विश्वास और परंपरा से जुड़ा है। यह केवल पूजा का आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक व्रती और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, सम्मान और निश्चिंतता के साथ पर्व मना सके।

उन्होंने सार्वजनिक अवकाश की घोषणा का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार छठ महापर्व की गरिमा और श्रद्धालुओं की भावनाओं का पूरा सम्मान करती है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु को छोटी से छोटी असुविधा न हो।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *