Lieutenant General NS Raja Subramani
Lieutenant General NS Raja Subramani
Posted in

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि बने नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल अनिल चौहान का लेंगे स्थान

नई दिल्ली : Lieutenant General NS Raja Subramani को भारत सरकार ने नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वह भारत सरकार के सैन्य मामलों के विभाग (Department of Military Affairs) के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी। वर्तमान CDS General Anil Chauhan 30 मई 2026 को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वह जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक भारतीय सेना के उप सेनाध्यक्ष (Vice Chief of Army Staff) रहे। उन्होंने मार्च 2023 से जून 2024 तक सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली।

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के पूर्व छात्र रहे राजा सुब्रमणि को 14 दिसंबर 1985 को 8वीं गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था। उन्होंने ब्रिटेन के ब्रैकनेल स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज तथा नई दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज से उच्च सैन्य शिक्षा प्राप्त की। उनके पास King’s College London से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री और मद्रास विश्वविद्यालय से डिफेंस स्टडीज में एमफिल की डिग्री है।

करीब 40 वर्षों के सैन्य करियर में उन्होंने देश के विभिन्न संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण इलाकों में सेवाएं दीं। उन्होंने ऑपरेशन राइनो के दौरान असम में 16 गढ़वाल राइफल्स की कमान संभाली। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में 168 इन्फैंट्री ब्रिगेड, सेंट्रल सेक्टर में 17 माउंटेन डिवीजन और पश्चिमी मोर्चे पर भारतीय सेना की प्रमुख स्ट्राइक फोर्स 2 कोर का नेतृत्व भी किया।

उनके स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी कार्यकाल भी बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं। वह कजाकिस्तान में रक्षा अताशे, पूर्वी कमान में ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ (ऑपरेशंस), डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन में चीफ इंस्ट्रक्टर और उत्तरी कमान मुख्यालय में चीफ ऑफ स्टाफ जैसे अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्हें पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं की सैन्य चुनौतियों का गहरा अनुभव माना जाता है।

विशिष्ट सेवाओं के लिए लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), सेना मेडल (SM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *